
लातेहार।ज़िला मुख्यालय के धर्मपुर पथ स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में मंगलवार से अर्धवार्षिक परीक्षा की शुरुआत हुई। परीक्षा के पहले दिन विद्यालय में बच्चों के स्वागत का अलग ही अंदाज देखने को मिला। प्रवेश द्वार पर भैया-बहनों को तिलक लगाया गया और मुंह मीठा कराकर परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
विद्या विकास समिति, झारखंड के तत्वावधान में आयोजित यह परीक्षा 15 से 28 सितंबर तक चलेगी। इसमें अरुण से लेकर दशम कक्षा तक के विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं। प्रातःकालीन वंदना के बाद तय समय पर परीक्षा शुरू हुई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य उत्तम कुमार मुखर्जी ने कहा कि परीक्षा को लेकर बच्चों को तनाव लेने की जरूरत नहीं है। परीक्षा उनकी तैयारी और अब तक सीखी गई बातों को परखने का माध्यम है। इसे उत्सव और अभ्यास के रूप में लेकर आत्मविश्वास के साथ प्रश्नों का उत्तर देना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई करने, समय का ध्यान रखने और सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा देने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि परीक्षा के परिणाम से अधिक जरूरी यह है कि विद्यार्थी अपनी कमियों को पहचानें और आगे की तैयारी को बेहतर बनाएं। विद्यालय की ओर से परीक्षा को शांतिपूर्ण और तनावमुक्त माहौल में कराने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
परीक्षा के संचालन में विद्यालय के सभी आचार्य, दीदी जी और कर्मचारी सक्रिय रहे।
![]()





