अवैध लॉटरी के कारोबार पर पुलिस की दबिश, 1900 टिकट के साथ विक्रम गिरफ्तार
तलबड़ांगा स्थित घर में चल रहा था टिकट बिक्री का धंधा, मोबाइल भी जब्त

पाकुड़ संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के तलबड़ांगा गांव में अवैध लॉटरी टिकट की बिक्री के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विक्रम गुप्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से अलग-अलग नामों की कुल 1900 लॉटरी टिकट बरामद की हैं। तलाशी के दौरान वीवो कंपनी का एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। कार्रवाई की जानकारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दी।

एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस को 12 सितंबर को सूचना मिली थी कि विक्रम गुप्ता अपने घर से अवैध रूप से लॉटरी टिकटों की बिक्री कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तलबड़ांगा गांव स्थित आरोपी के घर पर छापेमारी की और उसे मौके से पकड़ लिया।
पुलिस टीम ने घर की तलाशी ली तो अलग-अलग नामों और कंपनियों से संबंधित कुल 1900 लॉटरी टिकट बरामद हुए। इसके अलावा हल्के सफेद रंग का वीवो कंपनी का एक मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किया है। पुलिस अब बरामद मोबाइल और टिकटों के आधार पर अवैध लॉटरी कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
मामले को लेकर पाकुड़ नगर थाना में कांड संख्या 215/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) तथा लॉटरी विनियमन अधिनियम, 1998 की धारा 7(3) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने यह भी बताया कि विक्रम गुप्ता के खिलाफ वर्ष 2023 में भी लॉटरी से संबंधित मामला दर्ज किया गया था। पूर्व में मामला दर्ज होने के बावजूद कथित रूप से दोबारा अवैध लॉटरी कारोबार में संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
![]()





