गुमानी नदी उफान पर, पुल से छलांग लगाकर जान जोखिम में डाल रहे बच्चे,हादसे की आशंका बढ़ी
रेलिंग पर चढ़कर लगा रहे छलांग

कोटालपोखर संवाददाता। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण गुमानी नदी उफान पर है। नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ ही तेज बहाव बना हुआ है, लेकिन इसके बावजूद कुछ बच्चे जान जोखिम में डालकर नदी में नहाने से बाज नहीं आ रहे हैं।
तिलभिट्ठा गांव के समीप स्थित पुल पर आठगवां गांव के बच्चों द्वारा नदी में नहाने और पुल से छलांग लगाने का खतरनाक सिलसिला जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बच्चे पुल की रेलिंग पर चढ़कर करीब 20 फीट नीचे तेज बहाव वाली बाढ़ के पानी में छलांग लगा रहे हैं।

रेलिंग पर चढ़कर लगा रहे छलांग
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि बच्चों की यह हरकत बेहद खतरनाक है। कई बच्चे पुल की रेलिंग पर खड़े होकर सीधे नदी में कूद रहे हैं, जबकि कुछ बच्चे तैयारी करते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। तेज बहाव और बढ़े जलस्तर के बावजूद उनका यह व्यवहार गंभीर हादसे को न्योता दे रहा है।
जरा सी चूक बन सकती है जानलेवा
स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश के मौसम में गुमानी नदी का बहाव अत्यंत तेज हो जाता है। ऐसे में लगभग 20 फीट ऊंचे पुल से सीधे उफनती नदी में कूदना बेहद जोखिम भरा है। पानी के तेज बहाव में संतुलन बिगड़ने या फिसलने की स्थिति में बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है, खासकर छोटे बच्चों के लिए यह खतरा और अधिक गंभीर है।

पहले भी हो चुके हैं हादसे
स्थानीय लोगों ने बताया कि नदी में नहाने के दौरान पहले भी हादसे की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद रोकथाम के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। पुल के आसपास निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की कमी के कारण बच्चे लगातार जोखिम उठा रहे हैं।
प्रशासन से सख्त निगरानी की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन और अभिभावकों से अपील की है कि इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप किया जाए। लोगों का कहना है कि किसी अनहोनी का इंतजार करने के बजाय समय रहते बच्चों को नदी में जाने और पुल से छलांग लगाने से रोका जाना चाहिए। साथ ही पुल के आसपास निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग की गई है।
![]()




