बरहरवा में फर्जी निवास प्रमाण पत्र का बड़ा खुलासा, निर्वाचन पदाधिकारी ने दिए प्राथमिकी के निर्देश
दस्तावेज सत्यापन में सामने आया संदेह

कोटालपोखर संवाददाता/बरहरवा। झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने शनिवार को बरहरवा प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर एसआईआर कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ जिले के उपायुक्त दीपक दुबे भी मौजूद थे। निरीक्षण के दौरान फर्जी निवास प्रमाण पत्र बनाए जाने का मामला सामने आने पर उन्होंने गंभीर रुख अपनाते हुए बरहरवा बीडीओ को प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया।
दस्तावेज सत्यापन में सामने आया संदेह
जानकारी के अनुसार, एसआईआर प्रक्रिया के तहत दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान आहुतग्राम पंचायत के बूथ संख्या 55 से जुड़े रबी शेख (26), पिंटू शेख (35), संटु शेख (33) और रुबेदा बीबी (64) के निवास प्रमाण पत्र पर संदेह उत्पन्न हुआ। इसके बाद मामले की जांच के लिए बरहरवा अंचल कार्यालय को पत्र भेजा गया।

जांच में प्रमाण पत्र पाए गए फर्जी
जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि चारों व्यक्तियों के निवास प्रमाण पत्र फर्जी थे। जांच में यह भी सामने आया कि गांव में प्रज्ञा केंद्र संचालक मोहम्मद समीम ने 200 रुपये लेकर इन प्रमाण पत्रों को बनवाया था। मामला उजागर होने के बाद पूरे प्रशासनिक तंत्र में हड़कंप मच गया।
निर्वाचन पदाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार स्वयं बरहरवा पहुंचे और जांच की समीक्षा की। जांच के बाद उन्होंने तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया। इसके बाद बरहरवा बीडीओ सनी कुमार दास की लिखित शिकायत पर बरहरवा थाना में प्रज्ञा केंद्र संचालक सहित कुल पांच लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनावी और सरकारी प्रक्रियाओं में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
![]()




