कन्हैयास्थान इस्कॉन मंदिर में जन्माष्टमी की तैयारी पूरी, 3 सितंबर से शुरू होगा भव्य अनुष्ठान
4 सितंबर को जन्माष्टमी महोत्सव

कोटालपोखर/मंगलहाट। संवाददाता। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और नंद उत्सव को लेकर कन्हैयास्थान स्थित कन्हाईनाटशाला (इस्कॉन) मंदिर में तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। मंदिर परिसर को फूलों, इलेक्ट्रॉनिक लाइटों और आकर्षक झालरों से सजाया जा रहा है। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के तहत बैरिकेडिंग भी की गई है।
3 सितंबर से अधिवास का शुभारंभ
मंदिर प्रबंधक कृष्ण कृपा सिंधु ने बताया कि 3 सितंबर की शाम 7 बजे से जन्माष्टमी के अधिवास का शुभारंभ मंदिर के पुरोहितों द्वारा किया जाएगा। इसके बाद आरती, भजन-कीर्तन और कृष्ण कथा का आयोजन होगा।

4 सितंबर को जन्माष्टमी महोत्सव
4 सितंबर को जन्माष्टमी के दिन सुबह मंगल आरती, गुरु पूजा, राजभोग दर्शन, भजन-कीर्तन और कृष्ण कथा का आयोजन किया जाएगा। दोपहर में भोग निवेदन और आरती होगी।
शाम 5 बजे से वैष्णव भजन-कीर्तन और हवन के बाद रात 10 बजे महाअभिषेक होगा। मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण की महाआरती की जाएगी और 108 प्रकार के भोग अर्पित किए जाएंगे।
5 सितंबर को नंद उत्सव और प्रभुपाद जयंती
जन्माष्टमी के अगले दिन 5 सितंबर को गंगा पूजन, मंदिर परिक्रमा और मंगल आरती के साथ नंद उत्सव एवं इस्कॉन के संस्थापक आचार्य ए.सी. भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद की जयंती मनाई जाएगी। इस अवसर पर 56 भोग अर्पित किए जाएंगे।
आयोजकों के अनुसार इस भव्य कार्यक्रम में झारखंड, बिहार, बंगाल, मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों से हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और भक्ति आयोजन
महोत्सव के दौरान भजन-कीर्तन, भक्ति संगीत और नाट्य प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। मालदा, फरक्का और बरहरवा के कलाकार स्टेज शो प्रस्तुत करेंगे।
राधा-कृष्ण पोशाक की बढ़ी मांग
मंदिर परिसर स्थित गिफ्ट शॉप में जन्माष्टमी को लेकर राधा-कृष्ण की पोशाक, पूजा सामग्री और सजावट के सामान की मांग में काफी वृद्धि देखी जा रही है। श्रद्धालु उत्साहपूर्वक खरीदारी कर रहे हैं।
![]()




