लातेहार में मूसलाधार बारिश का कहर: कई मार्ग बाधित,प्रशासन ने जारी की चेतावनी
प्रशासन ने जारी की चेतावनी

लातेहार: जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। भारी वर्षा के कारण कई प्रमुख सड़क मार्ग क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे आवागमन बाधित हो गया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है।
बारिश के कारण लाभर-नावाडीह मार्ग पर चुंगरू के पास पक्की सड़क का बांध टूट जाने से सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। वहीं पैनिया टोला के छलका में जलस्तर बढ़ने के कारण इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है।
इसी तरह राजडंडा नदी पुल के टूट जाने से इस मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है। प्रशासन द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
छिपादोहर (सतनदिया नाला) में तेज बहाव के कारण डाल्टनगंज की ओर जाने वाले छोटे वाहनों—जैसे बाइक, ऑटो और कार—के पार करने पर रोक लगा दी गई है, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे इन प्रभावित मार्गों पर यात्रा करने से बचें और केवल सुरक्षित एवं वैकल्पिक रास्तों का ही इस्तेमाल करें। साथ ही मौसम को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से भी परहेज करने की सलाह दी गई है।
![]()





