हल्की बारिश में ही घरों में घुस रहा गंदा पानी, नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल
केवल टैक्स वसूली तक सीमित है नगर पंचायत?मोहल्लेवासियों ने उठाए सवाल


लातेहार। लातेहार नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत अंबाकोठी मोहल्ले में देवी मंडप के पीछे नाली की सफाई नहीं होने के कारण हल्की बारिश के बाद भी नाली का गंदा पानी लोगों के घरों में घुस जा रहा है। इस समस्या से मोहल्लेवासी पिछले लगभग एक माह से परेशान हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, केशवर अहरा की ओर से आने वाला पानी नालियों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण सही ढंग से निकासी नहीं हो पा रहा है। नालियों में जमा गंदगी और अवरोध के कारण बारिश का पानी ओवरफ्लो होकर आसपास के कई घरों में प्रवेश कर जा रहा है।
देवी मंडप के पास जलजमाव होने से मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, इसी रास्ते से स्कूल जाने वाले छोटे-छोटे बच्चों को भी गंदे पानी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटना और बीमारी का खतरा बना हुआ है।
केवल टैक्स वसूली तक सीमित है नगर पंचायत? मोहल्लेवासियों ने उठाए सवाल
स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सवाल उठाया है कि क्या नगर पंचायत केवल होल्डिंग टैक्स एवं अन्य टैक्स की वसूली तक ही सीमित है, जबकि लोगों की मूलभूत समस्याओं और नाली की नियमित सफाई पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
मोहल्लेवासियों ने जिला प्रशासन एवं नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द नाली की सफाई कराई जाए और केशवर अहरा से आने वाले पानी की उचित निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों के घरों में पानी घुसने की समस्या से राहत मिल सके।
![]()




