यह कैसी राजनीति , भाजपा – कांग्रेस पत्थरबाजी प्रकरण पर दोषियों के विरुद्ध हो कार्रवाई: अप्पू
Jamshedpur news

जमशेदपुर : बिष्टुपुर में भाजपा और कांग्रेस के बीच हुई झड़प एवं पत्थरबाजी की घटना पर आजसू पार्टी के पूर्वी सिंहभूम जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने कड़ी निंदा एवं भर्त्सना की है।
उन्होंने कहा कि शहर में अपराध पर नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला पुलिस दिन-रात प्रयास कर रही है।

ऐसे समय में आस्था के महापर्व दुर्गापूजा की शुरुआत में इस तरह की हिंसक घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। लोकतंत्र में विरोध करने के अनेक तरीके हैं, लेकिन हिंसा और पत्थरबाजी किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकती।
अप्पू तिवारी ने जिला प्रशासन से मांग की कि बिना किसी राजनीतिक दबाव के धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने एवं हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ उचित धाराओं तहत मुकदमा दर्ज कर दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि शहर की शांति, सामाजिक सद्भाव और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है।
प्रशासन को निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि जनता के बीच यह संदेश जाए कि कानून सबके लिए समान है और किसी भी राजनीतिक दल या व्यक्ति को कानून से ऊपर नहीं माना जाएगा।
![]()




