पाकुड़: तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आकर 56 वर्षीय व्यक्ति की मौत,17 घंटे सड़क जाम
प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद हटा जाम


रिपोर्ट: पाकुड़ संवाददाता,
पाकुड़।महेशपुर-गुम्मामोड़ मुख्य सड़क पर डूमरघाटी गांव के पास मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 56 वर्षीय फ्रांसिस हांसदा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया, जिससे करीब 17 घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
सड़क पार करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, डूमरघाटी आदिवासी टोला निवासी फ्रांसिस हांसदा सोमवार देर शाम सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान महेशपुर की ओर से गुम्मामोड़ जा रहे तेज रफ्तार हाईवा (ट्रेलर संख्या जेएच 04एडी 2694) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद ग्रामीणों का आक्रोश
घटना की सूचना मिलते ही महेशपुर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मंगलवार अहले सुबह पोस्टमार्टम के लिए पाकुड़ भेज दिया। इसके बाद परिजन और ग्रामीण मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर बैठ गए और जाम लगा दिया।
17 घंटे तक ठप रहा यातायात
सड़क जाम के कारण महेशपुर-गुम्मामोड़ मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। यातायात पूरी तरह बाधित रहा और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद हटा जाम
प्रशासनिक अधिकारियों के मौके पर पहुंचने के बाद परिजनों से वार्ता की गई। मुआवजे को लेकर सहमति बनने के बाद मंगलवार करीब 3 बजे ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया। इसके बाद मार्ग पर आवागमन सामान्य हो सका।
![]()




