
बरहरवा (संवाददाता):बरहरवा प्रखंड अंतर्गत माधवापाड़ा पंचायत में बुधवार को झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता आलमगीर आलम का क्षेत्र भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उन्होंने पंचायत के विभिन्न गांवों—जमालपुर, चांदपुर एवं मध्यटोला—का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया और स्थानीय समस्याओं व जनसरोकार से जुड़े मुद्दों की जानकारी ली।

पूर्व मंत्री के आगमन को लेकर ग्रामीणों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उन्होंने सबसे पहले जमालपुर स्थित पंचायत भवन के पास शाम 3:30 बजे ग्रामीणों से मुलाकात की। इसके बाद शाम 4:00 बजे चांदपुर में अलाउद्दीन के घर के समीप स्थानीय लोगों से संवाद किया तथा शाम 4:30 बजे चांदपुर मध्यटोला में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, आवास, पेंशन, नाली सहित विभिन्न मूलभूत समस्याओं को उनके समक्ष रखा। इस पर आलमगीर आलम ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित मुद्दों पर आवश्यक पहल एवं समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।
इस दौरान ग्रामीणों को SIR नोटिस से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई। उन्हें बताया गया कि किन दस्तावेजों की आवश्यकता होती है, उन्हें कैसे तैयार किया जाए तथा किस प्रकार प्रस्तुत किया जाए। ग्रामीणों की शंकाओं का समाधान करते हुए उन्हें सही दिशा-निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की और अपनी अपेक्षाएं रखीं। आलमगीर आलम ने कहा कि क्षेत्र के लोगों के साथ उनका पुराना एवं आत्मीय संबंध रहा है और वे हमेशा जनता के सुख-दुख में सहभागी बने रहेंगे। उन्होंने कांग्रेस की जनसेवा की परंपरा को दोहराते हुए कहा कि जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनना ही उनकी प्राथमिकता है।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकत खान, प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष रंजीत टुडू, प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष अशोक कुमार दास, मोफ्फकर हुसैन, जमीरुल इस्लाम, जब्बार शेख, अब्दुल कादिर, दिलदार आलम, शकील अहमद, अलाउद्दीन शेख, नेहाल अख्तर, आलम शेख, नुरूल शेख, अजमल हुसैन, कमरूल शेख, शारिक रब्बानी सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी, पंचायत एवं बूथ स्तर के कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
![]()




