कन्हैयास्थान में मारपीट कांड: एक सप्ताह बाद युवक की मौत
मारपीट के बाद घायल युवक की मौत, गांव में तनाव और आक्रोश

कोटालपोखर/राजमहल संवाददाता। कन्हैयास्थान गांव में एक सप्ताह पूर्व हुई मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी स्वर्गीय फेकू मंडल के बड़े पुत्र अजीत मंडल के रूप में हुई है। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले गांव के ही तीन युवकों ने किसी विवाद को लेकर अजीत मंडल के साथ मारपीट की थी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद परिजन उसे इलाज के लिए साहिबगंज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया। भागलपुर में इलाज के दौरान अजीत मंडल ने दम तोड़ दिया।
बुधवार सुबह जब युवक का शव गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के भाई की बहू अर्चना देवी समेत अन्य परिजनों ने गांव के ही तीन युवकों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद आरोपी युवक समझौता करने का प्रयास भी कर रहे थे।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही राजमहल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। समाचार लिखे जाने तक मृतक के परिजनों द्वारा थाना में आवेदन देने की प्रक्रिया जारी थी।
इस घटना के बाद गांव में गमगीन माहौल बना हुआ है और लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है।
![]()




