टीबी मुक्त भारत अभियान में मानवता की मिसाल,अधिकारियों ने टीबी मरीजों को लिया गोद,वितरित की पोषण किट
टीबी मुक्त भारत अभियान में मानवता की मिसाल


कोटालपोखर संवाददाता। साहिबगंज जिले में चल रहे टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत मानवता और सामाजिक उत्तरदायित्व की प्रेरणादायक मिसाल देखने को मिली। जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने “निक्षय मित्र” बनकर टीबी मरीजों को गोद लिया और उनके लिए पोषण सहायता उपलब्ध कराई।
इस दौरान मरीजों को पोषण किट का वितरण किया गया। वरीय पदाधिकारी सोमनाथ ने कहा कि “निक्षय मित्र बनें, पोषण दें, जीवन बचाएं और टीबी मुक्त भारत बनाएं।” उन्होंने बताया कि साहिबगंज टाउन थाना के थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता ने 2 टीबी मरीजों तथा जिरवाबाड़ी थाना के थाना प्रभारी शशि सिंह ने 2 टीबी मरीजों को गोद लेकर पहले माह की पोषण किट प्रदान की।
दूसरे माह की पोषण किट भी वितरित
जिला परिवहन विभाग के मोटर वाहन निरीक्षक कुमार उत्कर्ष ने अपने द्वारा गोद लिए गए 2 टीबी मरीजों को दूसरे माह की पोषण किट उपलब्ध कराई। इस दौरान अधिकारियों ने मरीजों का उत्साहवर्धन किया और नियमित दवा सेवन की अपील की।
पौष्टिक आहार और नियमित उपचार पर जोर
अधिकारियों ने मरीजों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने तथा चिकित्सकीय परामर्श का नियमित पालन करने की सलाह दी। साथ ही सक्षम नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य लोगों से “निक्षय मित्र” बनकर टीबी मरीजों की सहायता करने की अपील की गई।
जनभागीदारी से मजबूत हो रहा अभियान
जिले में चल रहा टीबी मुक्त भारत अभियान जनभागीदारी के माध्यम से लगातार सशक्त हो रहा है। पुलिस प्रशासन, परिवहन विभाग और समाज के लोगों की सक्रिय भागीदारी से मरीजों को लगातार पोषण सहायता मिल रही है। इस अभियान का लक्ष्य वर्ष 2025 तक टीबी उन्मूलन के राष्ट्रीय लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण योगदान देना है।
![]()



