घाघरा में युवती से दुष्कर्म व मारपीट का आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया


घाघरा थाना कांड संख्या 58/2026 के तहत युवती से दुष्कर्म और मारपीट के आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान चपका निवासी महादेव उरांव के रूप में हुई है।
मामले को लेकर पीड़िता के पिता द्वारा घाघरा थाना में आवेदन दिया गया था। जानकारी के अनुसार, युवती और आरोपी के बीच परिजनों की सहमति से विवाह तय हुआ था, लेकिन युवक के आचरण से असंतुष्ट होकर युवती के परिजनों ने शादी से इनकार कर दिया था। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने 9 जुलाई की रात युवती को अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की।
घटना में युवती घायल हो गई, जिससे उसे गंभीर शारीरिक एवं मानसिक आघात पहुंचा है। घटना के बाद परिजनों ने उसे इलाज के लिए गुमला स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
थाना प्रभारी मोहन सिंह ने बताया कि मामले में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में चपका गांव से आरोपी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी को आज न्यायिक हिरासत में गुमला भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
![]()




