गोमिया सीएचसी में पल्स पोलियो अभियान शुरू, तीन दिन में 40 हजार बच्चों को खुराक पिलाने का लक्ष्य

गोमिया। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को गोमिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विशेष टीकाकरण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। अंचल अधिकारी आफताब आलम, बीडीओ महादेव कुमार महतो और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जितेंद्र कुमार ने दीप प्रज्वलित कर व बच्चों को दो बूंद दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की।
डॉ. जितेंद्र कुमार ने बताया कि तीन दिवसीय अभियान में 0 से 5 साल तक के 40 हजार बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 95 बूथ बनाए गए हैं। 210 टीमें घर-घर जाकर छूटे बच्चों को कवर करेंगी। वहीं 12 ट्रांजिट टीमें बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन व हाट-बाजारों में तैनात रहेंगी। खुराक के बाद बच्चों की उंगली पर मार्कर से निशान भी लगाया जा रहा है।

सीओ आफताब आलम ने कहा कि पोलियो उन्मूलन में भारत मिसाल है, लेकिन पड़ोसी देशों में खतरा बरकरार है। एक भी बच्चा न छूटे। बीडीओ महादेव महतो ने खुराक को पूरी तरह सुरक्षित बताया और भ्रम से बचने की अपील की।
पहले दिन बूथ पर दवा पिलाई गई। 28 व 29 जून को टीमें घर-घर जाएंगी। मौके पर एएनएम, सहिया, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका, स्वास्थ्य कर्मी व जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
![]()




