स्थानीय समाचार

विशुनपुरा हाई स्कूल में सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन,छात्रों को दी गई सड़क सुरक्षा, बाल विवाह, साइबर अपराध और नशा मुक्ति की जानकारी

विशुनपुरा हाई स्कूल में सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन,छात्रों को दी गई सड़क सुरक्षा, बाल विवाह, साइबर अपराध और नशा मुक्ति की जानकारी

विशुनपुरा (गढ़वा):- मंगलवार को विशुनपुरा उच्च विद्यालय में सामाजिक जागरूकता अभियान के तहत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा, बाल विवाह, साइबर सुरक्षा और नशा मुक्ति जैसे गंभीर मुद्दों पर छात्र-छात्राओं को जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विशुनपुरा थाना प्रभारी राहुल सिंह ने छात्रों को जीवन में अनुशासन और सतर्कता का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि सड़क पर वाहन चलाते समय ट्रैफिक नियमों का पालन करना न केवल अपनी, बल्कि दूसरों की जान की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है। उन्होंने सभी से हेलमेट एवं सीट बेल्ट के प्रयोग, शराब पीकर वाहन न चलाने, ओवर स्पीडिंग से बचने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के उपयोग से परहेज करने की अपील की।

बाल विवाह के मुद्दे पर बोलते हुए थाना प्रभारी ने कहा कि यह एक गंभीर कानूनी अपराध है, जो बच्चों के शारीरिक, मानसिक और शैक्षणिक विकास में बाधा उत्पन्न करता है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि अगर कहीं भी बाल विवाह की सूचना मिले, तो तत्काल पुलिस या प्रशासन को सूचित करें।

साइबर सुरक्षा पर चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि आज के डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने छात्रों को सोशल मीडिया और इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग के टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी अजनबी के साथ व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और पासवर्ड को सुरक्षित रखें।

नशा मुक्ति पर बोलते हुए थाना प्रभारी ने कहा कि नशा एक धीमा ज़हर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से नष्ट कर देता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने दोस्तों को भी इसके दुष्परिणामों से अवगत कर उनसे बचने की सलाह दी।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्रों में सामाजिक जिम्मेदारी और सजगता की भावना को जागृत करते हैं। कई विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम के बाद अपने विचार साझा किए और कहा कि उन्हें इन विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।

सड़क सुरक्षा के 5 जरूरी नियम:

1. वाहन चलाते समय हेलमेट या सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।2. शराब पीकर वाहन कभी न चलाएं।3. तेज गति से वाहन न चलाएं, लेन का पालन करें।4. ट्रैफिक सिग्नल और संकेत चिह्नों का पालन करें।5. वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें।

Loading

About The Author

Related Articles

Back to top button