तेनुघाट/गोमिया संवाददाता:
गोमिया थाना क्षेत्र के होसिर पश्चिमी पंचायत के पकरीया टोला में एक परिवार ने अपने पड़ोसी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित मनोज प्रसाद ने बोकारो पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है।
दिए गए आवेदन में मनोज प्रसाद ने आरोप लगाया है कि उनके पड़ोस में रहने वाला दीपक तिवारी (पिता स्व. अमीर तिवारी) पिछले कई महीनों से उनके परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। उन्होंने बताया कि जब भी उनकी पत्नी और बेटी घर से बाहर निकलती हैं, तो आरोपी अश्लील हरकत करता है और बेटी के साथ जबरन संबंध बनाने की बात कहता है।
पीड़ित के अनुसार, विरोध करने पर आरोपी जान से मारने, बलात्कार करने तथा घर को बम से उड़ाने की धमकी देता है। इतना ही नहीं, वह कई बार छत के रास्ते घर में घुसने की कोशिश भी कर चुका है, जिससे परिवार भय के माहौल में जीने को मजबूर है।
मनोज प्रसाद ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। आवेदन पर 07 मई 2026 की तिथि के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय की मुहर भी अंकित है।
इस संबंध में गोमिया थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।