रिपोर्ट: प्रेम कुमार साहू, घाघरा (गुमला)
घाघरा (गुमला):
रविवार को घाघरा बस्ती में थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह के नेतृत्व में जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखी गई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को विभिन्न सामाजिक एवं कानूनी मुद्दों के प्रति जागरूक करना था। थाना प्रभारी ने विशेष रूप से डायन-बिसाही जैसी कुप्रथाओं के खिलाफ लोगों को सचेत किया और कहा कि किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
इसके अलावा, रेस ड्राइविंग और ड्रिंक एंड ड्राइव के खतरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की।
साइबर क्राइम के बढ़ते मामलों को देखते हुए ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय भी बताए गए। साथ ही युवाओं को नशा से दूर रहने के लिए प्रेरित करते हुए नशा मुक्ति का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान यह भी जोर देकर कहा गया कि नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए न दें, क्योंकि इससे दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। साथ ही दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग अनिवार्य रूप से करने की अपील की गई।
ग्रामीणों ने इस जागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए पुलिस के इस पहल की प्रशंसा की। मौके पर बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष उपस्थित थे।