रांची, 9 अप्रैल 2026: झारखंड राज्यकर्मी स्वास्थ्य बीमा योजना को और प्रभावी बनाने को लेकर JHAROTEF (झारखंड राज्य कर्मचारी संगठन) का एक शिष्टमंडल ने झारखंड राज्य आरोग्य सोसायटी (JSAS) के कार्यकारी निदेशक छवि रंजन से मिला। बैठक की अध्यक्षता संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष विक्रांत कुमार सिंह ने की।
बैठक के दौरान योजना के क्रियान्वयन में आ रही व्यावहारिक समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर फेडरेशन की ओर से 19 बिंदुओं पर आधारित सुझाव निदेशक को सौंपे गए। निदेशक ने अधिकांश बिंदुओं पर सहमति जताते हुए कहा कि तार्किक सुझावों पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
निदेशक ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार की यह महत्वाकांक्षी योजना देश की सर्वश्रेष्ठ स्वास्थ्य योजनाओं में शामिल हो, इसके लिए विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि संशोधित संकल्प के माध्यम से कई समस्याओं का समाधान किया जा चुका है और अब इसे धरातल पर प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसका सकारात्मक परिणाम जल्द ही देखने को मिलेगा।
बैठक में संगठन के प्रांतीय कोषाध्यक्ष नितिन कुमार, झारखंड पुलिस एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू, मुख्य समन्वयक अरविंद कुमार तथा प्रांतीय उप महासचिव शिवनारायण महतो सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।