रिपोर्टिंग : प्रेम कुमार साहू, घाघरा-गुमला
घाघरा थाना क्षेत्र के बुरहु गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना हुई, जहाँ जंगली हाथी के हमले में 32 वर्षीय अनूप कुमार पांडे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।
काम पर जाते समय दिखी भीड़, जानकारी देने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार अनूप बुरहु गांव स्थित पावर ग्रिड पीएसएस में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। शुक्रवार सुबह वह काम पर जा रहा था तभी बुरहु पतरा के पास भीड़ देख वह भी मौके पर पहुँचा। वहाँ पता चला कि एक जंगली हाथी पतरा के अंदर घूम रहा है।
अनूप ने तुरंत व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से पूरे इलाके में जानकारी साझा की और लोगों को सतर्क रहने की अपील की। इसके बाद वह दो अन्य युवकों के साथ पतरा के अंदर कुछ दूरी तक गया, तभी अचानक हाथी ने रौद्र रूप धारण कर तीनों की ओर दौड़ लगा दी।
साथ गए दो युवक भागकर अपनी जान बचाने में सफल हुए, लेकिन अनूप हाथी के चपेट में आ गया।
काफी देर तक फोन नहीं उठाने पर बढ़ी चिंता
हाथी के हमले के बाद आसपास अफरातफरी मच गई। जब देर तक अनूप बाहर नहीं आया और फोन भी रिसीव नहीं किया तो लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। साहस जुटाकर ग्रामीण अंदर गए तो देखा कि अनूप का शरीर खून से लथपथ पड़ा था। उसे बाहर लाकर पुलिस और वन विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए।
थानेदार मोहन कुमार सिंह, रेंजर बिरसा लोहरा, फॉरेस्टर समी आफताब, प्रधान वनरक्षी सुनील राम, पीटर बाड़ा समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुँचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए गुमला भेज दिया गया।
रेंजर बिरसा लोहरा ने बताया कि घटना अत्यंत दुखद है। मृतक के परिवार को तत्काल सहायता के रूप में 25 हजार रुपये दिए जा रहे हैं। शेष मुआवजा कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिया जाएगा। वन विभाग परिजनों की पूरी मदद करेगा।
भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व महामंत्री थे अनूप
अनूप कुमार पांडे भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के पूर्व मंडल महामंत्री रह चुके थे। 6 अप्रैल को घाघरा मंडल द्वारा भेजी गई नई अनुशंसा सूची में भी उनका नाम महामंत्री पद के लिए शामिल किया गया था।
वे भाजपा और सामाजिक कार्यों में बेहद सक्रिय एवं ईमानदार कार्यकर्ता के रूप में जाने जाते थे।
परिवार और गाँव पर टूटा दुख का पहाड़
अनूप परिवार के एकमात्र सहारा थे। बूढ़े माता-पिता, एक छोटा भाई और दो बहनों का जीवन उन्हीं पर निर्भर था। एक बहन की शादी भी उन्होंने ही की थी। घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों का कहना है कि अनूप हर सामाजिक कार्य में हमेशा आगे रहते थे और पूरे गाँव की मदद करते थे। उनकी मौत से गाँव का हर व्यक्ति गमगीन है।
वरिष्ठ भाजपाइयों की आँखों में छलके आंसू
दुर्घटना की खबर मिलते ही वरिष्ठ भाजपा नेता बिपिन बिहारी सिंह, रमेश गुप्ता, श्यामकिशोर पाठक, किशोर जायसवाल, अमित ठाकुर सहित कई कार्यकर्ता मौके पर पहुँचे।
अनूप के शव को देखते ही कई नेताओं की आँखें नम हो गईं। उन्होंने कहा कि यह न केवल भाजपा बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए अपूर्णीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं।