ज़िला ब्यूरो चीफ़
पलामू:- पलामू जिले के मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र में देर रात एक सनसनीखेज आपराधिक घटना सामने आई है। बस स्टैंड स्थित राजा साहेब के ऑफिस के पास अज्ञात अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार, तीन अज्ञात अपराधी ऑफिस की छत के रास्ते अंदर घुसे और वहां मौजूद गुडू खलीफा उर्फ मो. समीर खलीफा (निवासी कुंड मोहल्ला) को निशाना बनाते हुए गोली चला दी। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधियों ने घटना के दौरान 3 से 4 राउंड फायरिंग की, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।