रिपोर्टिंग: प्रेम कुमार साहू, घाघरा (गुमला),
घाघरा प्रखंड के कुगांव पंचायत अंतर्गत कुंदो और जंगराटोली गांव में शुक्रवार देर रात आई तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचा दी। आंधी के दौरान विशालकाय पेड़ घरों पर गिरने से दो मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, वहीं कुंदो गांव के मंगलू उरांव घायल हो गए।
कुंदो गांव की घटना – मकान चकनाचूर, एक घायल
कुंदो निवासी मंगलू उरांव ने बताया कि तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के बीच उनके घर के बगल स्थित एक बड़ा पेड़ अचानक घर पर गिर गया।
पेड़ गिरने से घर की दीवार और छप्पर पूरी तरह टूट गया और वे अंदर मौजूद होने के कारण घायल हो गए।
घायल मंगलू उरांव को शनिवार सुबह पंचायत समिति सदस्य सरवन उरांव की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, घाघरा लाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
पीड़ित ने बताया कि इस घटना में उनका पूरा आशियाना उजड़ गया है और लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
जंगराटोली में भी पेड़ गिरा, गंगी देवी का घर क्षतिग्रस्त
दूसरी घटना जंगराटोली गांव की है, जहां तेज आंधी के दौरान पेड़ गिरने से गंगी देवी के घर का छप्पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इससे परिवार को आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ा है।
मुआवजा दिलाने के लिए प्रयासरत रहेंगे – जनप्रतिनिधि
पंचायत समिति सदस्य सरवन उरांव और मुखिया गीता उरांव ने दोनों घटनाओं का निरीक्षण कर पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि
“आंचल प्रशासन से उचित मुआवजा दिलाने के लिए पूरा प्रयास किया जाएगा।”