बालूमाथ (लातेहार)। बालूमाथ प्रखंड के ग्राम फूलसू में रविवार को एक युवक ने शराब के नशे में ब्लेड से अपना गला काटकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की तत्परता से युवक की जान बचाई जा सकी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुकेश भुइँया (30), पिता बोधा भुइँया, ग्राम कटिया, थाना लावालौंग, जिला चतरा अपने ससुराल इंदुआ (बारियातू) आया था। बताया जाता है कि वह फूलसू में अत्यधिक शराब का सेवन कर लिया था। इसी दौरान उसने ब्लेड से अपना गला काट लिया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने बारियातू थाना प्रभारी रंजन पासवान को जानकारी दी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बालूमाथ पहुंचाया। यहां डॉ. सुरेंद्र कुमार ने प्राथमिक उपचार किया।
चिकित्सकों ने युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार युवक नशे की हालत में था और अचानक यह कदम उठा लिया। फिलहाल उसके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।