पाकुड़: पाकुड़ जिला गव्य विकास कार्यालय परिसर में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त मनीष कुमार द्वारा 12 लाभुकों के बीच गाय का वितरण किया गया। इस अवसर पर लाभुकों को विटामिन, कैल्शियम एवं मिनरल मिक्सचर भी उपलब्ध कराया गया, ताकि पशुओं के स्वास्थ्य और पोषण को सुनिश्चित किया जा सके।
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि यह योजना ग्रामीण आजीविका को सुदृढ़ करने तथा पशुपालन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे लाभुकों की आय में वृद्धि होगी और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे। उन्होंने लाभुकों से पशुओं की समुचित देखभाल, संतुलित आहार, स्वच्छता और नियमित स्वास्थ्य जांच पर विशेष ध्यान देने की अपील की, ताकि योजना का पूरा लाभ मिल सके।
साथ ही उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि लाभुकों को समय-समय पर तकनीकी मार्गदर्शन और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए, जिससे पशुपालन को एक सशक्त आजीविका के रूप में विकसित किया जा सके।
कार्यक्रम में विभागीय पदाधिकारी, कर्मी एवं लाभुक उपस्थित रहे।