गोमिया:
बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड स्थित होसिर देवीपुर निवासी वरिष्ठ भाजपा नेता देवनारायण प्रजापति के पुत्र डॉ. शुभम कुमार एमबीबीएस (जनरल फिजिशियन) की पढ़ाई पूरी कर अपने क्षेत्र लौट आए हैं। उनकी सफलता से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
डॉ. शुभम कुमार ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा मैट्रिक और इंटरमीडिएट डीएवी तेनुघाट स्कूल से पूरी की। इसके बाद मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए वे एक वर्ष तक कोटा में रहे। आगे उन्होंने फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, दुमका से साढ़े चार वर्ष की पढ़ाई और एक वर्ष की इंटर्नशिप पूरी की।
डॉ. शुभम ने बताया कि उनकी बड़ी बहन भी डॉक्टर हैं और उनसे ही प्रेरणा लेकर उन्होंने मेडिकल क्षेत्र को चुना। उन्होंने कहा कि माता-पिता ने पढ़ाई में हमेशा सहयोग दिया और कभी किसी चीज की कमी महसूस नहीं होने दी। आगे वे उच्च शिक्षा लेकर सर्जन बनने का लक्ष्य रखते हैं।
गोमिया के युवाओं के लिए संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि समय व्यर्थ न करें और मन लगाकर पढ़ाई करें, तभी ऊंचा मुकाम हासिल किया जा सकता है।
वहीं पिता देवनारायण प्रजापति ने कहा कि बच्चों की शिक्षा में उन्होंने कभी कमी नहीं होने दी और जहां तक बच्चे पढ़ना चाहेंगे, वहां तक उन्हें पढ़ाएंगे। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के कई जरूरतमंद बच्चों की पढ़ाई में भी वे सहयोग करते रहे हैं।