पाकुड़:
स्कूली बच्चों को स्वास्थ्य, योग और आयुष पद्धति के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयुष विभाग द्वारा संचालित आयुर्विद्या कार्यक्रम एवं प्रोजेक्ट जागृति के तहत लिट्टीपाड़ा प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय कुंजबोना और उत्क्रमित मध्य विद्यालय पकलो में योग मित्र चयन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कुल 10 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को “योग मित्र” के रूप में चयनित किया गया। चयनित बच्चों को विभाग की ओर से टी-शर्ट, कैप, बैच, पहचान पत्र और योगा बुक प्रदान की गई, ताकि वे अपने विद्यालय और समुदाय में योग जागरूकता फैलाने का कार्य कर सकें।
जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विपिन चंद्र गुप्ता ने बताया कि अब तक जिले के 100 विद्यालयों के 500 छात्र-छात्राओं को योग मित्र के रूप में प्रशिक्षित किया जा चुका है, जो स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. सुजीत कुमार चौहान ने कहा कि प्रत्येक विद्यालय में नियमित रूप से योग सत्र और आयुष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति रुचि बढ़ रही है।
कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक प्रियंका कुमारी, रंजू देवी सहित विद्यालय के शिक्षकगण और अन्य कर्मी उपस्थित रहे।