लातेहार। जिले के करकट स्थित NH-39 पर गुरुवार दोपहर लगभग 1 बजे बड़ा हादसा टल गया। NEXA Showroom Latehar के समीप तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से एक बाइक सवार बाल-बाल बच गया। हालांकि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भंडरिया थाना से एक शव को वाहन के माध्यम से रांची ले जाया जा रहा था। इसी दौरान ओवरटेक (साइड लेने) के क्रम में वाहन ने बाइक को धक्का मार दिया, जिससे बाइक सवार हवा में उछल गया। गनीमत रही कि उसे गंभीर चोट नहीं आई और उसकी जान बच गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वाहन की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। वहीं शव लेकर जा रहे वाहन के दोनों टायर भी ब्लास्ट हो गए, जिससे वाहन सड़क पर ही रुक गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। कुछ देर तक लोगों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी चला। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
क्षेत्र में लगातार बढ़ रही तेज रफ्तार की घटनाओं को लेकर लोगों में आक्रोश है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और नियमित यातायात निगरानी की मांग की है।