लातेहार।कार्यालय जिला शिक्षा अधीक्षक लातेहार के अधीन कार्यरत 31 जनवरी 2026 को सेवानिवृत हुए कुल 18 (अठारह) शिक्षक-शिक्षिकाओं के सम्मान में आज विदाई-सह-सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह में उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर सभी सेवानिवृत शिक्षक-शिक्षिकाओं को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही उन्हें सेवानिवृत्ति पावना (सेवानिवृति लाभ) का भुगतान भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त ने कहा कि सेवानिवृत शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अपने लंबे सेवाकाल के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण एवं सराहनीय योगदान दिया है। उन्होंने सभी को सफल एवं अनुकरणीय कार्यावधि पूर्ण करने पर बधाई देते हुए उनके स्वस्थ, सक्रिय एवं सुखद सेवानिवृत जीवन की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अन्य पदाधिकारियों ने भी सेवानिवृत शिक्षक-शिक्षिकाओं के योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।