“प्रोजेक्ट दीप” को गवर्नेंस नाउ 6th डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन अवॉर्ड–2026
डिजिटल नवाचार, ई-गवर्नेंस एवं शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए पाकुड़ जिला प्रशासन ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। प्रतिष्ठित “गवर्नेंस नाउ 6th डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन समिट एंड अवॉर्ड्स–2026” के अंतर्गत पाकुड़ जिला प्रशासन को अपने महत्वाकांक्षी एवं अभिनव पहल “प्रोजेक्ट दीप– डिजिटली एजुकेटिंग एंड एम्पावरिंग पाकुड़” के लिए चयनित किया गया है। यह सम्मान ई-लर्निंग, असेसमेंट एवं डिजिटल एजुकेशन प्लेटफॉर्म में उत्कृष्टता श्रेणी में प्रदान किया गया, जो जिले द्वारा डिजिटल तकनीक के माध्यम से शिक्षा के सशक्तिकरण, युवाओं के कौशल विकास तथा समावेशी विकास को गति देने के प्रभावी प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता है।
डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर
“प्रोजेक्ट दीप” के माध्यम से पाकुड़ जिले में विद्यार्थियों एवं युवाओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने, आधुनिक शिक्षण संसाधनों तक उनकी पहुँच सुनिश्चित करने तथा तकनीकी दक्षता को बढ़ावा देने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद यह परियोजना डिजिटल परिवर्तन को जमीनी स्तर तक सफलतापूर्वक पहुँचाने का एक अनुकरणीय मॉडल बनकर उभरी है।
नई दिल्ली में मिला राष्ट्रीय सम्मान
गवर्नेंस नाउ डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन अवॉर्ड समारोह का आयोजन 16 जनवरी 2026 को होटल एरोज, नेहरू प्लेस, नई दिल्ली में किया गया। इस अवसर पर पाकुड़ जिले की ओर से जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी को “प्रोजेक्ट दीप” के लिए सम्मानित किया गया।
टीमवर्क, दूरदर्शिता और नवाचार का सशक्त उदाहरण
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि यह उनके कुशल नेतृत्व में जिला प्रशासन की पूरी टीम द्वारा किए गए निरंतर प्रयासों, दूरदर्शी सोच तथा प्रभावी एवं नवाचारपूर्ण क्रियान्वयन का सशक्त परिणाम है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान न केवल पाकुड़ जिले के लिए गौरव का विषय है, बल्कि डिजिटल सुशासन एवं नवाचार के क्षेत्र में और अधिक उत्कृष्ट कार्य करने के लिए जिला प्रशासन को नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान करेगा।