लातेहार उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता के निर्देश पर जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डॉ. मोईन अख्तर के नेतृत्व में शुक्रवार (10 जनवरी 2026) को पर्यटन नगरी नेतरहाट में विशेष जांच अभियान सह औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान नेतरहाट स्थित विभिन्न रेस्टोरेंट, होटल एवं गेस्टहाउस में खाद्य सुरक्षा से जुड़े पहलुओं की गहन जांच की गई। इसमें साफ-सफाई की व्यवस्था, कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता, भोजन में प्रयुक्त सामग्रियों की गुणवत्ता तथा एफएसएसएआई द्वारा निर्गत फूड लाइसेंस की स्थिति की जांच की गई। जांच में कुछ एक प्रतिष्ठानों को छोड़कर अधिकांश खाद्य प्रतिष्ठानों में फूड लाइसेंस पाया गया। जिन प्रतिष्ठानों में रेस्टोरेंट संचालित नहीं थे, उन्हें होटल कैटेगरी का लाइसेंस लेने हेतु नोटिस जारी किया गया।
निरीक्षण के क्रम में थाना रोड स्थित मेसर्स मील्स क्राफ्ट रेस्टोरेंट में एक्सपायरी पेय पदार्थ तथा मेसर्स झुमर रिजॉर्ट में एक्सपायरी ब्रेड एवं मसाले पाए गए। इस पर दोनों प्रतिष्ठानों पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 69 के तहत 500-500 रुपये का अर्थदंड लगाया गया तथा भविष्य में इस प्रकार की पुनरावृत्ति नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई।
जांच के दौरान सभी संचालकों को किचन में विशेष साफ-सफाई रखने, कर्मचारियों द्वारा हेड कैप व एप्रन पहनकर कार्य करने तथा किचन के अंदर ढक्कनयुक्त डस्टबिन का उपयोग करने का निर्देश दिया गया। साथ ही खुले मसालों का प्रयोग नहीं करने, वेंडर से सामग्री लेते समय एक्सपायरी तिथि, लॉट नंबर और बैच नंबर अवश्य जांचने की सलाह दी गई।