लातेहार।लातेहार पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरहंज थाना क्षेत्र में अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती को पूरी तरह नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हेरहंज थाना क्षेत्र के पंडारम और मारी गांव के बीच स्थित दुर्गम वन क्षेत्र में बड़े पैमाने पर पोस्ते की अवैध खेती की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने त्वरित रणनीति बनाकर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने लगभग तीन एकड़ भूमि में लगी अफीम की फसल को ट्रैक्टरों की मदद से पूरी तरह नष्ट कर दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे।
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों को अवैध रूप से पोस्ते की खेती नहीं करने की सख्त चेतावनी दी। उन्होंने बताया कि अफीम की खेती करना कानूनन अपराध है और इससे समाज, विशेषकर युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की कि यदि कहीं भी वन भूमि या अन्य क्षेत्रों में अवैध अफीम या नशीले पदार्थों की खेती की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी ऐसी कार्रवाइयाँ लगातार जारी रहेंगी।