गोमिया।गोमिया थाना क्षेत्र के गोमिया–ललपनिया मुख्य मार्ग पर मंगलवार संध्या करीब 4:30 बजे दो मोटरसाइकिलों की भीषण टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक 4 वर्षीय बच्चे की स्थिति भी चिंताजनक बताई जा रही है।
कैसे हुआ हादसा
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, तुलबुल निवासी 38 वर्षीय रवि प्रसाद (पिता स्व. सुभाष प्रजापति) अपने दो दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल से ललपनिया से घर लौट रहा था। इसी दौरान होसिर नैया गांव का 16 वर्षीय मनसू महली (पिता जगरनाथ महली) अपनी मोटरसाइकिल पर 4 वर्षीय बच्चे को बैठाकर ललपनिया की ओर जा रहा था।
समीप के एक आवासीय विद्यालय के घुमावदार मोड़ पर दोनों मोटरसाइकिलों में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घायलों की स्थिति गंभीर
हादसे में दोनों मोटरसाइकिलों पर बैठे दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें रामगढ़ के निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
मोटरसाइकिल पर बैठे 4 वर्षीय बच्चे की हालत भी नाजुक बताई जा रही है।
गम में डूबे परिवार और गांव
मृतक रवि प्रसाद के दो छोटे बच्चे हैं। हादसे के बाद उसकी पत्नी और बच्चों का रो–रो कर बुरा हाल है।
उधर, मनसू महली के परिवार और गांव में भी मातम पसरा हुआ है। दोनों गांवों में शोक की लहर फैल गई है।
प्रशासन की कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही गोमिया थाना पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची और आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए तेनुघाट अनुमंडल अस्पताल भेज दिया।
गोमिया प्रखंड विकास पदाधिकारी महादेव महतो और अंचल अधिकारी आफताब आलम भी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायलों की जानकारी ली। अधिकारियों ने कहा कि सरकारी मुआवजा कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उपलब्ध कराया जाएगा।