बरहरवा। मंडरो प्रखंड अंतर्गत बड़तल्ला पंचायत के बड़तल्ला कलस्टर के तेलियागड़ी, उत्तरी करमटोला और दक्षिण करमटोला गांवों में गुरुवार को किसानों के बीच उत्कृष्ट मसूर बीज का वितरण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान प्रधान मुर्मू ने की, जबकि प्रखंड तकनीकी प्रबंधक कंचन कुमार सुमन एवं सहायक तकनीकी प्रबंधक राजेश्वर मुर्मू की उपस्थिति में बिरसा फसल विस्तार योजना के तहत एल-4727 (एनएससी) प्रभेद के मसूर बीज किसानों को उपलब्ध कराए गए। कुल 44 किसानों को राष्ट्रीय खाद्य बीज निगम द्वारा प्रमाणित उच्च गुणवत्ता वाले बीज दिए गए।
इस दौरान प्रखंड तकनीकी प्रबंधक कंचन कुमार सुमन ने किसानों को मिट्टी जांच की आवश्यकता, उर्वरकों के वैज्ञानिक उपयोग और बेहतर कृषि पद्धतियों के बारे में प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा कि मिट्टी की स्थिति समझकर खेती करने से उत्पादन बढ़ता है और लागत कम होती है। बीज प्राप्त कर किसानों ने खुशी व्यक्त की और बताया कि उनके गांव में पहली बार सरकारी स्तर पर बीज वितरण हुआ है, जिससे वे बेहतर उत्पादन की उम्मीद कर रहे हैं।
कार्यक्रम में सरिता कुमारी, कृषक मित्र मो. आरिफ सहित स्थानीय किसान बड़ी संख्या में मौजूद थे।