सिसई थाना क्षेत्र के कुम्हार मोड़ के पास मंगलवार को जिला परिवहन विभाग की टीम ने सघन वाहन जांच अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी ज्ञान शंकर जायसवाल, मोटरयान निरीक्षक रोबिन अजय सिंह एवं प्रदीप कुमार तिर्की ने किया। जांच का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाना, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना तथा लोगों में सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाना था।
अभियान के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों की बारीकी से जांच की गई। बिना हेलमेट वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग, ड्राइविंग लाइसेंस, पॉल्यूशन सर्टिफिकेट, इंश्योरेंस और वाहन परमिट की कमी सहित अन्य यातायात नियम उल्लंघन के मामलों में कुल 74 चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इनसे मौके पर ही कुल 1,17,650 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
परिवहन पदाधिकारियों ने कहा कि लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में भी जो चालक यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए जाएंगे, उनके खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की कि वे न सिर्फ खुद नियमों का पालन करें बल्कि दूसरों को भी सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति प्रेरित करें, जिससे दुर्घटनाओं को रोका जा सके।