भाकपा ने निकाली चेतावनी रैली, प्रखंड कार्यालय का किया घेराव
चैनपुर (पलामू)।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) चैनपुर सह रामगढ़ अंचल कमेटी के तत्वावधान में बुधवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ चेतावनी रैली निकालकर चैनपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय का घेराव किया गया।
रैली चैनपुर बाजार से निकली, जहां कार्यकर्ताओं ने “भ्रष्ट पदाधिकारी होश में आओ”, “भ्रष्ट अधिकारी चैनपुर छोड़ो” जैसे नारों के साथ जोरदार प्रदर्शन किया। सभा का संचालन शंभू सिंह चेरो ने किया।
सभा को संबोधित करते हुए भाकपा जिला सचिव सह डालटेनगंज विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी रूचिर कुमार तिवारी ने कहा कि चैनपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय भ्रष्टाचार और ‘बिजोलिया गिरी’ का अड्डा बन गया है। पदाधिकारी अपने आप को जनता का मालिक समझने लगे हैं और आम जनता की समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय पैसेवालों के पक्ष में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चैनपुर अंचल का प्रभार सदर प्रखंड पदाधिकारी के पास है, जिससे भूमि संबंधी मामलों में केवल औपचारिकता पूरी की जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि आदिम जनजातियों, दलितों और गरीबों के कार्य लंबित पड़े हैं, जबकि सरकारी योजनाओं का लाभ दलालों को मिल रहा है। तिवारी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के 25 वर्ष बीत जाने के बाद भी गरीब वर्ग तक लाभ नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे प्रशासनिक अफसरशाही पर लगाम लगाना जरूरी हो गया है।
अंचल सचिव प्रभु साव ने कहा कि सलतुआ उप स्वास्थ्य केंद्र में कभी डॉक्टर नहीं बैठते, जिससे गरीबों का इलाज भगवान भरोसे है। अभय कुमार भूइंया ने आरोप लगाया कि चैनपुर अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी की मिलीभगत से गरीबों को मिली भूदान भूमि पर अन्य लोगों ने कब्जा कर लिया है। वहीं निरंजन कमलापुरी ने कहा कि चैनपुर में दर्जनों तालाबों पर अतिक्रमण हो गया है, पर प्रशासन मौन है।
कार्यक्रम के अंत में 12 सूत्री मांग पत्र प्रखंड विकास पदाधिकारी को सौंपा गया।
इस मौके पर जमालुद्दीन, रामजन्म भूइंया, पुनीत साव, बाल किशुन राम, वर्षा कुमारी सहित कई लोगों ने सभा को संबोधित किया।
वहीं गफ्फार मियां, मुनेश चौधरी, पार्वती देवी, सुषमा मुरमा, ईश्वरी भूइंया, बिहारी भूइंया, चरखू कोरवा समेत सैकड़ों लोग उपस्थित थे।