बरहरवा/ प्रतिनिधि
बरहरवा। प्रखंड सभागार में शनिवार को प्रखंड स्तरीय खरीफ कार्यशाला का आयोजन बीडीओ सन्नी कुमार दास की अध्यक्षता में किया गया। कार्यशाला की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि बरकत खान, सांसद प्रतिनिधि अब्दुल कादिर और आत्मा के परियोजना उप निरीक्षक मंटू कुमार मौजूद रहे।
कार्यशाला में किसानों को बीज विनिमय एवं वितरण, धान अधिप्राप्ति, फसल सुरक्षा, कृषि ऋण माफी, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, पीएम किसान योजना और कृषि सिंचाई योजना सहित कई योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
अपने संबोधन में विधायक प्रतिनिधि बरकत खान ने कहा कि किसानों को जागरूक होना बेहद जरूरी है, क्योंकि कई सरकारी योजनाएं जानकारी के अभाव में किसानों तक नहीं पहुंच पातीं। उन्होंने कहा कि समय-समय पर आयोजित कार्यशालाओं में शामिल होकर किसान नई तकनीक, योजनाओं और सरकारी सहायता की जानकारी ले सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इस बार लगातार बारिश और बाढ़ से किसानों की फसलें बर्बाद हुई हैं, ऐसे में 31 अगस्त तक फसल बीमा करवाना जरूरी है, ताकि नुकसान की भरपाई हो सके। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से भी किसानों को जागरूक करने और बीमा कराने में सहयोग की अपील की।
वहीं, बीडीओ सन्नी कुमार दास ने कहा कि डिजिटल युग में किसानों को आधार और बैंक खाते से जुड़ा स्थायी मोबाइल नंबर रखना चाहिए, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
सांसद प्रतिनिधि अब्दुल कादिर और आत्मा के परियोजना उप निरीक्षक मंटू कुमार ने भी किसानों को कृषि संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
मौके पर प्रभारी कृषि पदाधिकारी चंदन सरकार, आत्मा के बीटीएम मो. अनवर, जेएसएलपीएस बीपीएम फैज आलम, मुखिया काबिल अहमद, पंचायत सचिव सुधीर कुमार साह, पंचायत समिति सदस्य रंजीत कुमार साह समेत बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण उपस्थित थे।