
- काशी से आए विद्वान आचार्यों की अगुवाई में चल रहा धार्मिक अनुष्ठान
घाघरा।
घाघरा प्रखंड स्थित प्रसिद्ध देवाकी बाबाधाम शिव-पार्वती मंदिर में शनिवार से 24 घंटे का अखंड महारुद्राभिषेक कार्यक्रम विधिवत रूप से प्रारंभ हो गया। इस विशेष धार्मिक आयोजन में काशी से पधारे आधा दर्जन विद्वान पंडितों एवं आचार्यों के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य यजमान के रूप में प्रदीप प्रसाद अपनी धर्मपत्नी के साथ सम्मिलित हुए। श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तों ने भाग लिया और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
पूरे मंदिर परिसर में दिनभर भक्ति और मंत्रध्वनि का वातावरण बना रहा। रात्रि भर आचार्यों द्वारा महारुद्राभिषेक की विभिन्न विधियाँ पूरी की जाएंगी। यह धार्मिक अनुष्ठान रविवार को पूर्वाह्न 11 बजे विधिवत पूर्णाहुति एवं आरती के साथ संपन्न होगा।