
नामुदाग, मनिकामनिका थाना क्षेत्र के नामुदाग के पास शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-39 (एनएच-39) पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक 12 वर्षीय बालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेदिनीनगर से रांची की ओर जा रही माधव यात्री बस ने सामने से आ रही एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार 12 वर्षीय अंकित कुमार की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। वहीं बाइक चला रहा 16 वर्षीय राहुल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे चचेरे भाई हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की सहायता से घायल राहुल को मनिका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची रिम्स रेफर कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही मनिका थाना प्रभारी शशि कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई करते हुए मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए लातेहार भेज दिया गया।
स्थानीय लोगों में इस हादसे को लेकर आक्रोश और शोक का माहौल है।