बरहरवा, राजमहल। प्रखंड क्षेत्र के पमरिया टोला (कालीबाड़ी), फुलवरिया में सोमवार रात आपसी विवाद ने उग्र रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद हुई मारपीट में एक पक्ष के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मिस्टर शेख की 19 वर्षीय पत्नी अजनुर बीवी, नूरजहां बेवा (60), हजरा बेवा (60) और मेनेरा खातून (22) को उनके पड़ोसियों के साथ पुराने विवाद के चलते झड़प के दौरान चोटें आईं। सभी घायलों को परिजनों द्वारा अनुमंडल अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। हालत गंभीर होने के कारण मेनेरा खातून को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
गौरतलब है कि इससे पूर्व 24 मई को भी इन्हीं दोनों पक्षों के बीच मारपीट और चाकूबाजी की घटना हुई थी, जिसमें दोनों ओर से कुल चार लोग घायल हुए थे। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाना में मामला दर्ज कराया है।
घटना की सूचना मिलते ही रात में एसआई महादेव उरांव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू कर दी। प्रभारी थाना प्रभारी विक्रम कुमार ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।