लातेहार। कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा), लातेहार के अंतर्गत 14 नवचयनित सहायक तकनीकी प्रबंधकों (ATM) को शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता के द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने सभी नवचयनित प्रबंधकों को बधाई देते हुए कहा कि वे मेहनत और लगन से कार्य करें और किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने कृषि क्षेत्र में नवाचार और वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाने पर जोर दिया, जिससे जिले के किसानों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में जिला कृषि पदाधिकारी अमृतेष कुमार सिंह, उप परियोजना निदेशक आत्मा श्रीमती सविता उरांव, लेखापाल सह लिपिक आत्मा भोला कुमार सहित सभी नवचयनित सहायक तकनीकी प्रबंधक उपस्थित थे।
इस नियुक्ति से जिले में कृषि कार्यों को और अधिक व्यवस्थित एवं तकनीकी रूप से सशक्त बनाने में मदद मिलेगी। उपायुक्त ने आशा व्यक्त की कि सभी चयनित तकनीकी प्रबंधक जिले के किसानों के लिए तकनीकी मार्गदर्शक की भूमिका निभाएंगे और कृषि क्षेत्र को उन्नत करने में योगदान देंगे।