लातेहार :रफ्तार का कहर जारी, 24 घंटे के अंदर 4 सड़क हादसे, एक की मौत, 6 घायल
लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। रफ्तार के कारण 24 घंटे के अंदर 4 सड़क हादसे हुए, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गयी जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
शनिवार की सुबह बालूमाथ-पांकी मार्ग पर बालूमाथ थाना क्षेत्र के इचाक गांव के समीप हाइवा वाहन की चपेट में आने से दो होमगार्ड जवान घायल हो गये। घायल जवानों की पहचान हेरहंज थाना क्षेत्र के ढोठी गांव निवासी विष्णु उरांव के पुत्र सत्यदेव उरांव एवं करनदाग गांव निवासी मनराज यादव के पुत्र अमरेश यादव के रूप में की गयी है।
स्थानीय लोगों द्वारा उन्हें बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सक ध्रुव कुमार ने दोनों घायल होमगार्ड जवानों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया। इस घटना में घायल सत्यदेव उरांव की हालत चिंताजनक बतायी जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार उक्त दोनों घायल होमगार्ड जवान सुबह में बालूमाथ स्थित सीसीएल द्वारा संचालित तेतरियाखाड़ कोलियरी में ड्यूटी करने जा रहे थे, इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक भारी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
मालूम हो कि शुक्रवार को भी इसी मार्ग पर हुंबू गांव के पास भारी वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये थे। जबकि उसी शुक्रवार को बालूमाथ थाना क्षेत्र स्थित सीसीएल की मगध कोलियरी में दो भारी वाहन वाहनों की टक्कर में एक चालक की मौत हो गयी थी।
वहीं शुक्रवार को ही तीसरी घटना शाम में चंदवा रोड में डीएवी मोड़ के पास घटी। जहां बाइक सवार दो युवकों को भारी वाहन ने टक्कर मार दी और दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गये।