बरहरवा। तालझारी थाना क्षेत्र के मसकलैया मौजा निवासी गीता देवी को गुरुवार को राजमहल अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा प्रधानी पट्टा स्वीकृत कर अपने हाथों से सौंपा गया। तीन वर्षों तक एसडीओ कार्यालय के चक्कर लगाने के बाद उन्हें बड़ी मशक्कत से यह पट्टा प्राप्त हुआ था।
पट्टा मिलने के बाद गीता देवी खुशी-खुशी कार्यालय से बाहर निकलीं और मुख्य सड़क पर पहुंचीं ही थीं कि उनके हाथों से प्रधानी पट्टा छीन लिया गया।
गीता देवी ने बताया कि बीते तीन वर्षों से गांव के प्रधान पद को लेकर चार लोग दावेदारी कर रहे थे, लेकिन एसडीओ ने उन्हें प्रधान घोषित करते हुए पट्टा सौंपा। पट्टा छिनने की चिंता में वह तुरंत तालझारी थाना पहुंचीं और लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत में गीता देवी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके बड़े पुत्र स्वाधीन मंडल ने ही उनसे प्रधानी पट्टा छीन लिया और खुद को प्रधान बताने लगा है।
थाना प्रभारी नीतीश कुमार पांडे ने बताया कि गीता देवी को पंचायत के माध्यम से दस्तावेज़ वापस मांगने की सलाह दी गई है। यदि पंचायत दस्तावेज़ नहीं लौटाती है, तो थाना की ओर से कानूनी कार्रवाई की जाएगी।