
रांची :– इनदिनों झारखंड की सियासत में महिलाओं की बड़ी पूछ हो रही। उनके मान, सम्मान की चिंता सियासी तौर पर खूब दिख रही है। विधानसभा चुनाव को लेकर यहां कभी भी आदर्श आचार संहिता लागू हो सकती है। ऐसे में पक्ष हो या विपक्ष, सभी महिला वोटर्स का भरोसा जीतने की पुरजोर कोशिश में लगे हैं।
हालांकि, सब अपने-अपने स्तर से इसे ‘महिला सम्मान’ से जोड़कर बता रहे हैं। राज्य सरकार ने अगस्त 2024 से सीएम मंईयां सम्मान योजना शुरू की है। 18 वर्ष से 50 वर्ष तक की महिलाओं को हर माह 1000 रुपए की राशि दी जा रही।
सरकार की इस पहल के जवाब में भाजपा गोगो दीदी सम्मान योजना लेकर लाई है। वह इसके जरिए हर महीने सभी महिलाओं, बेटियों को 2100 रुपए देने का भरोसा दिला रही है। इधर, भाजपा की इस पहल को देख सत्तारूढ झामुमो ने जेएमएम सम्मान योजना लाने की घोषणा की है।
महिलाओं को हर साल 30 हजार रुपए देने का आश्वासन उसकी ओर से है। इसे लागू करने को लेकर वह निर्वाचन आयोग से परमिशन के इंतजार में है।