चेन्नई ,(आरएनएस)। लोकसभा चुनाव की तारीखों के एलान के बाद बीजेपी लगातार अपने सहयोगी दलों के साथ सीट बंटवारे को लेकर डील फाइनल कर रही है। इसी बीच बीजेपी ने तमिलनाडु में सीट बंटवारे को भी अंतिम रूप दे दिया है। तमिलनाडु की 39 लोकसभा सीटों में से 10 सीटों पर पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) चुनाव लड़ेगी।सूत्रों के मुताबिक, भाजपा ने 19 अप्रैल को तमिलनाडु में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए अंबुमणि रामदास के नेतृत्व वाली पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) के साथ गठबंधन किया है। बीजेपी और पट्टाली मक्कल काची के बीच सीट बंटवारे पर समझौता हुआ। इसके तहत बीजेपी ने अपने सहयोगी दल पीएमके को 10 सीटें दी है। भाजपा के तमिलनाडु अध्यक्ष के. अन्नामलाई और पीएमके अध्यक्ष रामदास के बीच समझौते पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
पट्टाली मक्कल काची की स्थापना साल 1989 में डॉ एस. रामदास ने की थी। अंबुमणि रामदास वर्तमान में राज्यसभा सदस्य हैं और 2019 में वह निर्विरोध चुने गए थे। अंबुमणि रामदास अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रह चुके हैं। वह धर्मपुरी लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से सांसद भी रहे हैं।
हालांकि, तमिलनाडु में बीजेपी के पास कोई बड़ा गठबंधन सहयोगी नहीं है और पीएम मोदी इस साल लोकसभा चुनाव से पहले तमिलनाडु के पांच दौरे कर चुके हैं। ऐसे में बीजेपी ने तमिलनाडु में पीएमके के प्रभाव को देखते हुए उसके साथ गठबंधन किया है।
(नोएडा)बिहार के पूर्व मंत्री रघुनाथ गुप्ता का नोएडा में निधन
नोएडा (आरएनएस)। बिहार सरकार के पूर्व मंत्री व पूर्व एमएलसी रघुनाथ गुप्ता का उनके नोएडा स्थित आवास पर निधन हो गया। वह 79 साल के थे और काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। वह नोएडा के सेक्टर-51 में रहते थे।
मूल रूप से बिहार के पूर्वी चंपारण स्थित मोतिहारी निवासी रघुनाथ गुप्ता जयप्रकाश नारायण द्वारा 1974 में छात्र आंदोलन को संचालित करने के लिए बनाई 11 सदस्यीय संस्थापक समिति के सदस्य भी थे। इस समिति का नाम बिहार प्रदेश छात्र संघर्ष समिति रखा गया था। उन दिनों रघुनाथ गुप्ता ने छात्र हितों के लिए बढ़चढ़ कर काम किया।
वे बिहार विधान परिषद के सदस्य और बिहार सरकार में मंत्री रहे। आपातकाल के दौरान उन्हें 19 महीने की जेल यातना भी सहनी पड़ी थी। साल-2014 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने उन्हें बिहार में पूर्वी चंपारण लोकसभा सीट से प्रत्याशी बनाया था, हालांकि वे चुनाव हार गए।
रघुनाथ गुप्ता के बेटे अभिषेक गुप्ता ने बताया, सोमवार देर रात पिताजी का निधन हो गया। अंतिम संस्कार पूर्वी चंपारण, बिहार में राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।