बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना 2024 के व्यापक प्रचार प्रसार हेतु जागरूकता रथ को रवाना किया गया


लातेहार:-बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना 2024 के व्यापक प्रचार प्रसार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज समाहरणालय परिसर से अपर समाहर्ता रामा रविदास, जिला सहकारिता पदाधिकारी जगमनी टोपनो, जिला कृषि पदाधिकारी अमृतेश सिंह के द्वारा संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रचार हेतु जागरूकता रथ को रवाना किया गया। इस जागरूकता रथ के माध्यम से जिला अंतर्गत प्रचार-प्रसार कर लोगों को जागरूक करने का कार्य किया जाएगा।
इस दौरान अपर समाहर्ता ने कहा कि जागरूकता रथ दोनों अनुमंडल क्षेत्र के प्रखंड व पंचायत क्षेत्र का भ्रमण कर किसानों को योजना के लाभ व उद्देश्य के प्रति जागरूक करेगा। आगे उन्होने कहा कि जिले के किसान एक रुपये टोकन मनी जमा करके बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ ले सकते हैं। इसके लिए 31 अगस्त तक इच्छुक किसान अपना पंजीकरण नजदीकी प्रज्ञा केंद्र व स्वयं भी करा सकते हैं। किसानों को अगहनी धान के फसल की क्षतिपूर्ति राशि के रुप में प्रति हेक्टेयर 72,029.65 रुपये तथा भदई मकई के लिए 57,080.10 रुपये प्रति हेक्टेयर मिलेंगे।
उन्होने बताया कि सरकार ने किसानों की आर्थिक सुदढ़ीकरण को लेकर खरीफ वर्ष 2024 के लिए बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना शुरू की गई है। किसानों को फसल बीमा के लिए अलग से कोई प्रीमियम नहीं देना होगा। फसल बीमा के लिए किसान को आधार कार्ड, बैंक पासबुक की छायाप्रति, भूमि स्वामित्व संबंधित प्रपत्र, बंटाई प्रमाण पत्र (बटाईदार कृषक होने पर नोटराईज्ड), फसल बुआई प्रमाण पत्र (स्वसत्यापित), मोबाइल नंबर प्रस्तुत करना होगा। उन्होंने बताया कि योजना की जानकारी के लिए प्रखंड कृषि पदाधिकारी या सहकारिता पदाधिकारी से सम्पर्क कर सकते है या हेल्पलाइन नंबर 14447 पर भी संपर्क कर सकते हैं।
![]()




