पाकुड़ के चार गांवों की जर्जर सड़कों पर दौड़ेगा विकास का पहिया, 44.52 करोड़ मंजूर
8.3 किमी सड़क का होगा कायाकल्प, बहिरग्राम से इस्लामपुर तक चौड़ीकरण और मजबूतीकरण को कैबिनेट की हरी झंडी

पाकुड़ संवाददाता । वर्षों से बदहाल सड़क और बदहाल आवागमन की मार झेल रहे पाकुड़ सदर प्रखंड के चार गांवों के दिन अब बहुरने वाले हैं। बहिरग्राम, झिकरहट्टी पश्चिम, काकोरबोना और इस्लामपुर के ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। इन गांवों को जोड़ने वाली 8.300 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण एवं मजबूतीकरण के लिए झारखंड सरकार की कैबिनेट ने 44 करोड़ 52 लाख 94 हजार 500 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है। कैबिनेट के इस फैसले से क्षेत्र की वर्षों पुरानी सड़क समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है।
44.52 करोड़ से होगा सड़क का कायाकल्प
स्वीकृत राशि से सड़क का चौड़ीकरण करने के साथ ही उसे मजबूत और बेहतर बनाया जायेगा। परियोजना के तहत सड़क को ग्रामीण कार्य विभाग से पथ निर्माण विभाग को हस्तांतरित करने की भी मंजूरी दी गयी है। विभागीय हस्तांतरण और प्रशासनिक स्वीकृति के बाद अब सड़क निर्माण की दिशा में आगे की प्रक्रिया का रास्ता साफ हो गया है।
सड़क सुधरेगी तो गांवों की बदलेगी तस्वीर
जर्जर सड़क के कारण ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। खासकर विद्यार्थियों, मरीजों, किसानों और कारोबारियों के लिए खराब सड़क बड़ी परेशानी बनी हुई है। सड़क का निर्माण होने से स्कूल-कॉलेज, अस्पताल और बाजार तक पहुंचना आसान होगा। किसानों को कृषि उपज के परिवहन में सहूलियत मिलेगी, वहीं व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। बेहतर सड़क संपर्क से चारों गांवों के सामाजिक और आर्थिक विकास को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

आलमगीर, निसात और डॉ. तनवीर के प्रयास को बताया अहम
कांग्रेस जिला सोशल मीडिया चेयरमैन पियारुल इस्लाम ने सड़क परियोजना की मंजूरी को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम, पाकुड़ विधायक निसात आलम और झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव डॉ. तनवीर आलम के लगातार प्रयासों से यह महत्वपूर्ण परियोजना स्वीकृत हुई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं को दूर करने और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में इन नेताओं का प्रयास सराहनीय है।
जल्द निर्माण शुरू होने की उम्मीद, मुख्यमंत्री के प्रति आभार
पियारुल इस्लाम ने परियोजना को मंजूरी देने के लिए मुख्यमंत्री और झारखंड मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों के प्रति आभार जताया। उन्होंने उम्मीद जतायी कि अब निर्माण प्रक्रिया में तेजी आयेगी और जल्द ही सड़क निर्माण का कार्य धरातल पर दिखाई देगा। साथ ही उन्होंने गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने की जरूरत पर जोर दिया, ताकि चारों गांवों के लोगों को इस परियोजना का वास्तविक और दीर्घकालिक लाभ मिल सके।
![]()




