घर में खटिया पर मिला 47 वर्षीय महिला का शव, संदिग्ध मौत से गांव में सनसनी; बेटा हिरासत में
मां-बेटे के बीच पुराने विवाद की बात आई सामने, पुलिस ने बेटे से शुरू की पूछताछ; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

रिपोर्ट सोनू कुमार,
तीनपहाड़।तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के वृंदावन पंचायत अंतर्गत कड़माटोला गांव में बुधवार को 47 वर्षीय महिला रणधीनी सोरेन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई सवाल खड़े कर दिये हैं। घर के अंदर खटिया पर महिला का शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गयी। घटना के बाद मां-बेटे के बीच पुराने विवाद की बात सामने आयी है। पुलिस ने मृतका के बेटे बिष्णु बेसरा उर्फ हेपा बेसरा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल महिला की मौत की वजह स्पष्ट नहीं है और पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

मेला से घर लौटी बेटी, मां को मृत देख मचा कोहराम
जानकारी के अनुसार, मृतका की बेटी चुड़की बेसरा अपने पति के साथ कल्याणचक स्थित झंडी मेला से लौटकर मां के घर पहुंची थी। घर के अंदर खटिया पर मां का शव पड़ा देख उसके होश उड़ गये। उसने तत्काल आसपास के ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। इसके बाद गांव के प्रधान ने तीनपहाड़ थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी।
मां-बेटे के विवाद की कहानी भी जांच के घेरे में
ग्रामीणों के मुताबिक, रणधीनी सोरेन और उनके बेटे बिष्णु बेसरा के बीच अक्सर विवाद होता था। दोनों के बीच बढ़ते तनाव को लेकर पिछले महीने गांव के प्रधान और ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचायती भी हुई थी। अब महिला की संदिग्ध मौत के बाद यह पुराना विवाद जांच का अहम पहलू बन गया है। हालांकि, बेटे की संलिप्तता को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस की जांच तेज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
घटना की सूचना मिलते ही राजमहल इंस्पेक्टर राजीव रंजन, थाना प्रभारी गौरव भगत और एएसआई प्रदीप यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया।
थाना प्रभारी गौरव भगत ने बताया कि मामले में अब तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
![]()




