साहिबगंज में आधी रात गोलीबारी, सिर में गोली लगने से मुन्ना साह गंभीर
पूर्वी फाटक में रात दो बजे सनसनीखेज वारदात, हालत नाजुक होने पर हायर सेंटर रेफर; पुत्र ने पवन कुमार शाह पर लगाया गोली मारने का आरोप
साहिबगंज। पूजा पर्व के उत्सवी माहौल के बीच साहिबगंज शहर में आधी रात गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के पूर्वी फाटक में रात करीब दो बजे अज्ञात परिस्थितियों में हुई फायरिंग में 45 वर्षीय मुन्ना साह गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली उनके सिर में लगी है। गंभीर हालत में उन्हें सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आरोपी की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।
सिर में गोली लगते ही जमीन पर गिरे मुन्ना साह
मिली जानकारी के अनुसार, पूर्वी फाटक निवासी मुन्ना साह देर रात इलाके में मौजूद थे। इसी दौरान पवन कुमार शाह पर उन्हें गोली मारने का आरोप लगा है। गोली सिर में लगते ही मुन्ना साह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. रेहान ने उनका प्राथमिक उपचार किया। हालत बेहद गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
पुत्र ने पवन कुमार शाह पर लगाया आरोप
घायल मुन्ना साह के पुत्र ने पुलिस को दिए बयान में पवन कुमार शाह पर उनके पिता को गोली मारने का आरोप लगाया है। हालांकि, घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजन भी विवाद के कारणों की जानकारी नहीं दे सके हैं। आखिर किस विवाद को लेकर मुन्ना साह को निशाना बनाया गया, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर अमित कुमार गुप्ता और जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी सदर अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायल के परिजनों से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली। इसके बाद पूर्वी फाटक और आसपास के संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पूजा पर्व के दौरान शहर में हुई इस गोलीबारी की घटना ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
![]()





