पाकुड़ में क्रशर प्लांटों में लूट करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा, तीन गिरफ्तार
रात में 8-10 की संख्या में धावा बोलते थे अपराधी,गार्डों और मजदूरों को बंधक बनाकर करते थे लूटपाट:पांच क्रशर मोटर,पिकअप वाहन और हथियार बरामद

पाकुड़ में क्रशर प्लांटों को निशाना बनाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़,तीन गिरफ्तार
पाकुड़ संवाददाता | केशव तिवारी,
पाकुड़। जिले के क्रशर प्लांटों में लगातार डकैती और लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मालदा और मुर्शिदाबाद से संचालित इस गिरोह के तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने कई घटनाओं का खुलासा किया है। अपराधियों का तरीका बेहद शातिराना था। वे रात के अंधेरे में 8 से 10 की संख्या में क्रशर प्लांटों में धावा बोलते थे। नाइट गार्ड और मजदूरों को बंधक बनाकर हसुआ, चाकू और लाठी के बल पर आतंकित करते तथा जान से मारने की धमकी देकर क्रशर की मोटर समेत लाखों रुपये के सामान लूटकर फरार हो जाते थे।
लगातार हो रही घटनाओं से क्रशर संचालकों और कर्मचारियों में दहशत का माहौल था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अनुदीप सिंह के निर्देश पर गठित विशेष पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल में छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर लूटी गई तीन बड़ी और दो छोटी क्रशर मोटर, वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन, दो मोबाइल फोन, हथियार, तार काटने वाला कटर और क्षतिग्रस्त डीवीआर बरामद किया गया है। पुलिस ने महज एक सप्ताह के भीतर तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरोह की गतिविधियों का खुलासा किया।
गुरुवार को एसपी अनुदीप सिंह ने प्रेसवार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। मौके पर महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार, पाकुड़ एसडीपीओ कुमार गौरव, पुलिस निरीक्षक अनुप रोशन भेंगरा और हिरणपुर थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।

पांच क्रशर प्लांटों को बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार, अपराधियों ने 24 अक्टूबर से दो नवंबर के बीच जिले के पांच क्रशर प्लांटों में लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दिया। पहली घटना 24 अक्टूबर की रात हिरणपुर थाना क्षेत्र के आसनजोला स्थित रॉय एंड रॉय माइनिंग प्राइवेट कंपनी में हुई। यहां अपराधियों ने नाइट गार्ड और मजदूरों को बंधक बनाकर कीमती सामान लूट लिया।
इसके बाद 29 से 31 अक्टूबर के बीच रद्दीपुर ओपी क्षेत्र के अम्बियापहाड़ी स्थित एमएस दत्ता स्टोन, एमएस कृष्णा स्टोन वर्क्स और बलियापतरा स्थित एमएस मधुसुदन स्टोन को निशाना बनाया गया। तीनों प्रतिष्ठानों में अपराधियों ने गार्डों को बंधक बनाकर लूटपाट की। वहीं, दो नवंबर को महारो स्थित बंद पड़े पीस स्टोन क्रशर में धावा बोलकर नाइट गार्ड को हथियारों के बल पर धमकाया और कीमती सामान लेकर फरार हो गए। इन घटनाओं को लेकर हिरणपुर थाना में दो और महेशपुर (रद्दीपुर ओपी) थाना में एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी अनुसंधान से मिला सुराग
लगातार हो रही घटनाओं को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए पाकुड़ और महेशपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों के संयुक्त नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल (एसआइटी) का गठन किया। टीम ने घटनास्थलों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके अलावा तकनीकी अनुसंधान और मानवीय सूचना के आधार पर अपराधियों की पहचान की गई।

जांच में पता चला कि अलग-अलग क्रशर प्लांटों में हुई घटनाओं के पीछे एक ही अंतरराज्यीय गिरोह का हाथ है। इसके बाद पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल के मालदा और मुर्शिदाबाद सहित विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मालदा और मुर्शिदाबाद के तीन अपराधी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में मिथुन सरकार उर्फ मिठुन सरकार (36), पिता रामचन्द्र सरकार, निवासी मोन्डई, थाना वैष्णबनगर, जिला मालदा; रिंकु शेख (26), पिता मोती शेख, निवासी जयरामपुर तथा नबी शेख (47), पिता स्वर्गीय मुस्लिम शेख उर्फ मुसलेम शेख, निवासी शिवनगर, दोनों थाना फरक्का, जिला मुर्शिदाबाद शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में तीनों ने क्रशर प्लांटों में हुई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आरोपियों के खिलाफ झारखंड और पश्चिम बंगाल के विभिन्न थानों में चोरी, लूट और अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं।
लूट का सामान ढोने में करते थे पिकअप का इस्तेमाल
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर तीन बड़ी और दो छोटी क्रशर मोटर बरामद की हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल बड़ा पिकअप वाहन, लकड़ी के बेंट वाला लोहे का गड़ासा (हसुआ), तार काटने वाला कटर, वीवो कंपनी के दो एंड्रॉयड मोबाइल और एक क्षतिग्रस्त डीवीआर जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार, पिकअप वाहन का इस्तेमाल लूटे गए सामान को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने के लिए किया जाता था।
तीनों का लंबा आपराधिक इतिहास, अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, मिथुन सरकार के खिलाफ हिरणपुर और रद्दीपुर के अलावा पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट, मल्लारपुर और मुरारोई थानों में मामले दर्ज हैं। रिंकु शेख के खिलाफ हिरणपुर, रद्दीपुर, मुरारोई और फरक्का थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, नबी शेख के खिलाफ फरक्का, सूती, नलहट्टी, हिरणपुर, रद्दीपुर और मुरारोई थानों में मामले दर्ज हैं।
एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है। गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
![]()





