साहिबगंज में खूनी संघर्ष: किराना दुकान पर विवाद के बाद मां-बेटे पर चाकू से हमला, बेटे की हालत गंभीर
साहिबगंज में मां-बेटे पर चाकू से हमला, बेटे की हालत गंभीर

रिपोर्ट : सोनू कुमार,
साहिबगंज। किराना दुकान पर सामान लेने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। तालबन्ना दुर्गा मंदिर के पास आरोपितों ने एक महिला और उसके बेटे पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में 52 वर्षीय किरण देवी और उनके 23 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार चौरसिया गंभीर रूप से घायल हो गए।
शिवम के गले और कान के पास चाकू से गंभीर चोटें आई हैं। हालत नाजुक होने के कारण देर रात उन्हें सदर अस्पताल से बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घायल महिला ने हमलावरों पर लोहे की रॉड और बंदूक से लैस होकर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है।

पैसे मांगने पर दुकान संचालक से मारपीट, फिर बुलाए 8 से 10 लोग
जानकारी के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र के तालबन्ना निवासी सच्चिदानंद चौरसिया की किराना दुकान तालबन्ना दुर्गा मंदिर के पास स्थित है। घटना के समय उनके भाई मनोहर लाल चौरसिया दुकान चला रहे थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले भोला यादव का पुत्र चपरा यादव दुकान पहुंचा और कथित तौर पर जबरन सामान लेने लगा। आरोप है कि उसने सामान के पैसे देने से इनकार कर दिया। जब दुकान संचालक मनोहर लाल ने पैसे मांगे तो उनके साथ मारपीट की गई।
विरोध करने पहुंची मां-बेटे पर चाकू से हमला
घायल किरण देवी के अनुसार, मारपीट के बाद शोभापुर भट्ठा से 8 से 10 लोगों को बुलाया गया। आरोपितों ने उनके देवर मनोहर लाल पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। शोर सुनकर किरण देवी अपने बेटे शिवम के साथ मौके पर पहुंचीं, तो हमलावरों ने उन दोनों को निशाना बना लिया।
महिला का आरोप है कि हमलावरों ने चाकू निकालकर मां-बेटे पर लगातार वार किए। इस दौरान शिवम के गले में चाकू लगा, जबकि किरण देवी के सिर पर हमला किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों के पास बंदूक थी और वे जान से मारने की नीयत से आए थे। हमले के बीच किसी तरह मां-बेटे घर के अंदर घुसकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
शिवम की हालत बिगड़ी, देर रात हायर सेंटर रेफर
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से दोनों घायलों को आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया। इमरजेंसी ड्यूटी में तैनात चिकित्सक डॉ. कुमार अंकित ने उनका इलाज किया।
चिकित्सक के अनुसार, शिवम चौरसिया के गले और कान के ऊपर चाकू से गंभीर चोटें आई हैं। वहीं किरण देवी के सिर पर भी गंभीर चोट के निशान हैं। शिवम की नाजुक स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने देर रात उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
नगर थाना में आवेदन देने की तैयारी, पुलिस कर रही जांच
घायल किरण देवी ने बताया कि घटना को लेकर नगर थाना में आवेदन देने की तैयारी की जा रही है। वहीं घटना के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। किराना दुकान पर सामान लेने को लेकर शुरू हुए विवाद में मां-बेटे पर हुए हमले से इलाके में तनाव और सनसनी का माहौल है। अब पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई और हमले में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
![]()




