बरहरवा रेलवे साइडिंग में ड्रेनेज निर्माण शुरू,ट्रैक की सुरक्षा को लेकर रेलवे ने उठाया कदम
करीब एक किलोमीटर लंबी नाली का हो रहा निर्माण, बारिश के पानी से होने वाली परेशानी होगी दूर

रिपोर्ट : निशांत कुमार सोनू,
बरहरवा। बरहरवा रेलवे लोडिंग साइडिंग में रेल ट्रैक की सुरक्षा और जलजमाव की समस्या से निजात दिलाने के लिए ड्रेनेज निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। बरहरवा रेलवे साइडिंग का रेल ट्रैक पश्चिम दिशा में पहाड़ की तलहटी तक बिछाया गया है। सूत्रों के अनुसार, बारिश के दौरान इस रेलवे ट्रैक पर अक्सर पानी जमा हो जाता है, जिससे शंटिंग लाइन पर परिचालन में गंभीर परेशानी उत्पन्न होती है। इसी समस्या को देखते हुए रेलवे की ओर से करीब एक किलोमीटर लंबी ड्रेनेज का निर्माण कराया जा रहा है।
बारिश में जलजमाव से रेल परिचालन होता है प्रभावित
बताया जाता है कि बरसात के मौसम में पहाड़ की तलहटी से आने वाला पानी रेलवे ट्रैक के आसपास जमा हो जाता है। इससे रेल पटरी की मजबूती प्रभावित होने के साथ शंटिंग कार्य में भी बाधा उत्पन्न होती है। जलजमाव की समस्या को दूर करने के उद्देश्य से रेलवे प्रशासन ने ड्रेनेज निर्माण की पहल की है।
चयनित एजेंसी कर रही निर्माण कार्य
इस संबंध में आईओडब्ल्यू इंचार्ज प्रमोद पासवान ने बताया कि ड्रेनेज निर्माण कार्य रेलवे द्वारा चयनित एजेंसी के माध्यम से कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान रेलवे ट्रैक पर पानी जमा होने से पटरी कमजोर होने की आशंका रहती है, जिससे रेल परिचालन भी प्रभावित हो सकता है।

उन्होंने बताया कि ड्रेनेज निर्माण पूरा होने के बाद बारिश के पानी की निकासी सुचारू रूप से हो सकेगी। इससे जलजमाव की समस्या दूर करने, संभावित दुर्घटनाओं के जोखिम को कम करने और रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी।
![]()





